27मई 2026
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने बुधवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाकर रेत और चूनापत्थर के अवैध परिवहन में लगे छह वाहनों को जब्त किया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है और संबंधित वाहन मालिकों तथा चालकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में गठित जांच दल ने मांदर, रायकोट और कोड़ेनार क्षेत्र में लगातार निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध रॉयल्टी पर्ची और अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए गए। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में शामिल वाहनों को रोककर जब्त कर लिया।
खनिज विभाग के अनुसार मांदर क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन वाहन पकड़े गए। वहीं रायकोट क्षेत्र में एक हाईवा अवैध रूप से चूनापत्थर ले जाते हुए मिला, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। इसके अलावा कोड़ेनार इलाके में भी रेत से भरे दो टिप्परों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी वाहन नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना अनुमति खनिज परिवहन कर रहे थे।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनिज कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित आरोपियों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करना गंभीर अपराध है और दोबारा पकड़े जाने पर और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
खनिज विभाग की लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में सक्रिय खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि जिले की खनिज संपदा की चोरी रोकने और अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।