बीजापुर, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बीजापुर जिले में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर के थाना परिसरों और सुरक्षा बलों के कैंपों में दीप प्रज्वलित कर शांति, सेवा, सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत जिले के 23 थाना परिसरों, CAF के 25 कैंपों, CRPF के 83 कैंपों और 13 BN मुख्यालय में सुरक्षा बलों के जवानों ने दीप प्रज्वलित किए। इसके अलावा पुनर्वास केंद्र बीजापुर और रक्षित केंद्र में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया गया।
मिनी स्टेडियम में जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। लोगों ने सेवा, सुरक्षा, शांति और विश्वास के संकल्प के साथ दीप जलाए।
कर्रेगुट्टा क्षेत्र में भी जले दीप
करेगुट्टा क्षेत्र के विभिन्न सुरक्षा बल कैंपों और महत्वपूर्ण स्थानों पर भी विशेष रूप से दीप प्रज्वलित किए गए। ताडपाला हिल, ताडपाला घाटी, ताडपाला बेस, पुजारीकांकेर, कमलापुर, गुंजेपर्ती और नम्बी में जवानों ने ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाया।
दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में तैनात जवानों ने इस आयोजन में उत्साह के साथ भाग लिया। पुलिस और सुरक्षा बलों के अनुसार, इस पहल के जरिए स्थानीय समुदाय के साथ विश्वास, आत्मीयता और सकारात्मकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।