बस्तर दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का लिया जायज़ा

जगदलपुर, 16 मई 2026।
बस्तर के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा का शनिवार को माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। एयरपोर्ट परिसर में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। इस दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बस्तर प्रवास के दौरान विजय शर्मा ने आगामी दिनों में केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा करने के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ चर्चा की। माना जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों और प्रशासनिक समन्वय को लेकर विशेष फोकस किया जा रहा है।
स्वागत अवसर पर बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को क्षेत्र की व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों से अवगत कराया।
बस्तर में लगातार बढ़ती राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के बीच उपमुख्यमंत्री का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *