जगदलपुर 12जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक कैडर एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 रविवार को बस्तर जिले में कड़ी सुरक्षा और व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई।
जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 2,104 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,856 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 248 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह जिले में 88.21 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जो प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति युवाओं के उत्साह को दर्शाती है।
परीक्षा के लिए जगदलपुर के छह प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर मनीष वर्मा ने बताया कि शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धरमपुरा में सर्वाधिक 450 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 395 ने परीक्षा दी। वहीं पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, धरमपुरा में 304 में से 267, शासकीय दन्तेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में 300 में से 261, महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 350 में से 314, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में 400 में से 355 तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, रेलवे कॉलोनी में 300 में से 264 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। केंद्र प्रभारियों एवं पर्यवेक्षकों के समन्वय से परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई थी, जिसका सकारात्मक असर भी देखने को मिला।