12जुलाई2026
बीजापुर जिले के शांतिनगर में आपसी विवाद के दौरान घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच शांतिनगर, बीजापुर में रिंकी कुड़ियम (29 वर्ष), निवासी ग्राम नुकनपाल थाना मोदकपाल एवं वर्तमान निवासी शांतिनगर, का अपने साथ रहने वाले दिलीप कुड़ियम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान रिंकी ने दिलीप पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दिलीप को पहले जिला अस्पताल बीजापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद थाना बीजापुर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 47/2026 दर्ज कर आरोपी महिला को 6 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अब मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मृत्यु मेमो के आधार पर मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।