बीजापुर, 16 सितंबर 2026। जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना फरसेगढ़, डीआरजी बीजापुर और बीडीएस की संयुक्त टीम ने बड़ेआलवाड़ा गांव के पास जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया था।
सर्चिंग के दौरान टीम को छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। बीडीएस टीम ने आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया और डिमाइनिंग के बाद इसे सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया।
बरामद सामग्री में 315 बोर का एक देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 34 जिंदा कारतूस, 303 रायफल के विभिन्न पार्ट्स, 8 किलोग्राम जिलेटिन, 6 वॉकी-टॉकी सेट और चार्जर, एक मेन पेक सेट, इलेक्ट्रॉनिक व कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट सहित अन्य उपकरण और टूल्स शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।