झोपड़ी से सपनों के आशियाने तक: 72 वर्षीय सोनामनी को प्रधानमंत्री आवास योजना ने दी नई जिंदगी

जगदलपुर12जुलाई 2026/बरसों तक जर्जर झोपड़ी में अभाव और असुरक्षा के बीच जीवन बिताने वाली 72 वर्षीय सोनामनी प्रभु के जीवन में अब खुशियों ने दस्तक दी है। जनपद पंचायत जगदलपुर की ग्राम पंचायत कुरन्दी निवासी सोनामनी को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिलने से उनका वर्षों पुराना सपना साकार हो गया है।

गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली सोनामनी ने पूरी जिंदगी मजदूरी कर अपना गुजारा किया। बारिश के मौसम में टपकती छत, कीचड़ से भरा कच्चा फर्श और असुरक्षित झोपड़ी उनकी सबसे बड़ी चिंता हुआ करती थी। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी जिंदगी की तस्वीर बदल दी।

ग्राम पंचायत के माध्यम से योजना की जानकारी मिलने के बाद सोनामनी ने आवेदन किया। पात्रता मिलने पर उन्हें 1.20 लाख रुपये की सहायता तीन किस्तों में प्रदान की गई। मकान निर्माण की कुल लागत 1.45 लाख रुपये आई। अतिरिक्त 25 हजार रुपये की व्यवस्था उन्होंने स्वयं और परिवार के सदस्यों के साथ मजदूरी कर की। इस दौरान उन्हें मनरेगा के तहत 90 दिनों का रोजगार भी मिला, जिससे आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ।

निर्माण कार्य के दौरान जनपद पंचायत के तकनीकी सहायक, विकासखंड समन्वयक और ग्राम पंचायत सचिव ने लगातार मार्गदर्शन और सहयोग किया। प्रशासन की सक्रिय भूमिका से निर्माण सामग्री भी उचित दरों पर उपलब्ध हुई, जिससे मकान समय पर तैयार हो सका।

आज सोनामनी अपने दो कमरों, एक रसोई और अन्य सुविधाओं से युक्त पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। बरसों की कठिनाइयों के बाद उनके चेहरे पर लौटी मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि सरकारी योजनाएं जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचें तो लोगों का जीवन बदल सकता है।

सोनामनी ने अपना सपना पूरा होने पर केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ योजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *