रेत माफियाओं पर खनिज विभाग का शिकंजा: छिन्दगांव में अवैध भंडारण पकड़ाया, दो पर कार्रवाई

11जून2026

जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 10जून को बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जिला खनिज जांच दल ने करपावण्ड तहसील के ग्राम छिन्दगांव में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से भंडारित रेत के दो बड़े भंडार पकड़े हैं।
खनिज विभाग को मिली शिकायत के आधार पर 9 जून को की गई जांच में छिन्दगांव निवासी जयकिशोर गुप्ता और शरद बघेल द्वारा बिना किसी वैध अनुमति या दस्तावेज के अलग-अलग स्थानों पर रेत का अवैध भंडारण किया जाना पाया गया। जांच दल ने मौके पर ही रेत को जप्त कर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए नोटिस जारी किया।
खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के तहत खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21(5) तथा छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के खनिजों का भंडारण दंडनीय अपराध है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान खनि निरीक्षक अंकित पुरी सहित जिला खनिज जांच दल के सदस्य डिकेश्वर खरे और सीताराम नेताम मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *