11जून2026
कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम नेवसा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर गांव की ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। युवक ने पुलिस पर मारपीट और जबरन रुपये लेने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की।
जानकारी के अनुसार नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर का आरोप है कि मंगलवार को पुलिस उन्हें सिरली गांव के पास से पकड़कर थाने ले गई थी, जहां उनके साथ मारपीट की गई और 23 हजार 500 रुपये जबरन ले लिए गए। आरोपों से आक्रोशित रफीक मोहम्मद गुरुवार सुबह पानी टंकी पर चढ़ गया और कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन करने लगा।
तेज बारिश के बावजूद युवक टंकी से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताने लगे। ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि लोगों को घरों से उठाकर थाने ले जाया जा रहा है।
हालांकि हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों युवकों के खिलाफ जुआ फड़ संचालन की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी। उन्होंने मारपीट और रुपये लेने के आरोपों को निराधार बताया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार विमल खांडेकर सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया गया। समाचार लिखे जाने तक युवक पानी टंकी पर ही मौजूद था और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी थी।