शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक में विद्यार्थियों की सुविधाओं और अधोसंरचना को लेकर लिए गए अहम प्रस्ताव
दरभा (बस्तर), 08 अगस्त 2026। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदावाड़ा में शनिवार को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं, भवन एवं मूलभूत अधोसंरचना को बेहतर बनाने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक प्रस्ताव रखे गए।
बैठक में क्षेत्र के विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए नवीन पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। वहीं वर्तमान प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास को पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में परिवर्तित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
स्कूल की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विद्युत व्यवस्था की मरम्मत, पंखों की व्यवस्था, शाला भवन की रंगाई-पुताई, शौचालय की मरम्मत एवं रख-रखाव तथा खिड़की-दरवाजों की मरम्मत जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इन कार्यों को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में अहम बताया गया।
विषय शिक्षकों और पीटीआई की मांग का प्रस्ताव
बैठक में विद्यालय में शिक्षकों की आवश्यकता पर भी विशेष चर्चा हुई। विद्यार्थियों को विषयवार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक विषय शिक्षकों के साथ पी.टी.आई. शिक्षक की मांग रखने का प्रस्ताव लिया गया। इसके अलावा विद्यालय के उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को लैपटॉप उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किए जाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
समिति और विद्यालय के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में समिति के सदस्य अनंत राम कश्यप, रामेश्वरम नाग, डुंडुल नाग, सुख राम कश्यप, बुधराम कश्यप, सोमदास नाग, शंकर कश्यप, नकुल सिंह ठाकुर एवं सीता राम नाग उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. गंगाराम कश्यप, उप प्राचार्य विजय कुमार कश्यप, व्याख्याता वंदना साव, पदलाम सिंह बैस, काशीनाथ मौर्य, तुलसी राम नाग, सोमारु राम उईके, शिक्षक दीनमनी ध्रुव, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला भुनेश्वर सिंह कंवर, बसंत कुमार एवं संजय केरकेट्टा उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समिति सदस्यों और विद्यालय प्रतिनिधियों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।