अस्पताल से हत्या का आरोपी फरार, तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हुआ रफूचक्कर

सुंदरगढ़ जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, शौच जाने के बहाने भागा विचाराधीन कैदी

राउरकेला। 26अगस्त 2026/ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल से हत्या का एक विचाराधीन कैदी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। कैदी की सुरक्षा में तीन पुलिसकर्मी तैनात थे, इसके बावजूद वह शौच जाने के बहाने उन्हें चकमा देकर अस्पताल परिसर से निकल भागा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया गया है।

फरार कैदी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के रूपाबहाल गांव निवासी टेक चंद बेहरा के रूप में हुई है। उसे हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह पिछले साल अप्रैल से जेल में बंद था।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती

जानकारी के अनुसार, तबीयत बिगड़ने की शिकायत के बाद टेक चंद को बीते दिन सुंदरगढ़ जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। उसकी सुरक्षा के लिए अस्पताल के वार्ड में तीन पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी।

इलाज के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे शौचालय की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर वह जवानों को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू किया सघन तलाशी अभियान

कैदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटना को पुलिस सुरक्षा में गंभीर चूक माना जा रहा है।

टाउन थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए फरार कैदी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई हैं। जिले में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर वापस जेल भेजा जाए।

घटना ने अस्पताल में पुलिस हिरासत में रखे गए कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवानों की सतर्कता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *