बीजापुर, 21 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा की एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव में हथियारबंद नक्सलियों ने मंगलवार देर शाम पूर्व सरपंच भीमा मडकम की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच भीमा मडकम मंगलवार को दंतेवाड़ा जिले के बचेली से अपने गांव लौटे थे। गांव के समीप अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक पहुंचे नक्सलियों ने बिना किसी चेतावनी के उन पर गोलियां चला दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय खेत में अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे, जिन्होंने इस वारदात को अपनी आंखों से देखा।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरी तरह नक्सलियों द्वारा की गई सुनियोजित हत्या है। हालांकि पुलिस ने घटना की जानकारी दी है, लेकिन आधिकारिक तौर पर नक्सली वारदात की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों का दावा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल की ओर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब पूर्व सरपंच को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी नक्सली हमले में वह चमत्कारिक रूप से बच गए थे। मंगलवार देर रात शव को गांव लाया गया, जबकि बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। पामेड़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और गांव व आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नक्सली आतंक की एक और वारदात: पूर्व सरपंच की खेत में गोली मारकर हत्या, बीजापुर के गांव में दहशत