बाढ़ के तेज बहाव में रील बनाने उतरे 3 युवक, बहकर पेड़ पर अटके; रेस्क्यू टीम ने बचाया

बालेश्वर, 27 सितंबर 2026। ओडिशा के बालेश्वर जिले में बाढ़ के पानी के बीच रील बनाना तीन युवकों के लिए मुश्किल में बदल गया। जलमग्न सड़क पर वीडियो बनाने के दौरान अचानक तेज हुए पानी के बहाव में तीनों युवक बह गए। हालांकि, उन्होंने किसी तरह एक पेड़ को पकड़कर अपनी जान बचाई।

घटना बालेश्वर सदर ब्लॉक के ओलंदासरंगा पंचायत के तेंतुलिमुंडी क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से तेज गति से बह रहा था। इसी दौरान तीनों युवक वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए पानी में उतर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वीडियो शूट करने के दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ गया और तीनों युवक बहने लगे। बहते हुए वे कुछ दूरी तक चले गए और एक पेड़ को पकड़कर रुक सके। तेज बहाव के कारण वे वहां फंस गए और खुद सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच पाए।

सूचना मिलने पर अग्निशमन सेवा और ओड्राफ की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचने और जलमग्न सड़कों पर उतरने से परहेज करने की अपील की है। पानी की गहराई और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *