आजमगढ़ 27सितंबर 2026/जिले में शनिवार को आंधी और बारिश के बीच कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से आवागमन और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं पुलिस ने बाइक चोरी कर उसके पुर्जे अलग-अलग बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
बिलरियागंज क्षेत्र के सियरहा गांव के पास तेज आंधी के दौरान एक पीपल का पेड़ क्रेटा कार पर जा गिरा। कार में चालक वाहिद खान, उनकी मां रुखसाना बानो और करीब 10 वर्षीय जोहैर खान सवार थे। बताया गया कि तीनों एक बच्चे के ऑपरेशन के सिलसिले में आजमगढ़ जा रहे थे। पेड़ गिरने से कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के चलते आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा।
इधर, बिलरियागंज पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में राजू यादव उर्फ भोला यादव और आकाश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों चोरी की बाइक को खोलकर उसके अलग-अलग पुर्जे बेचते थे। आरोपियों के पास से बाइक के रिम-टायर, चेन-स्पॉकेट, शॉकर, बैटरी सहित अन्य सामान और बाइक खोलने के औजार बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभिनव सिंह उर्फ मंटू को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि उसने जमीन बेचने के नाम पर लोगों से करीब 1.10 करोड़ रुपये की रकम ली थी। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
आजमगढ़ के इटौरा-चंडेश्वर स्थित डेंटल कॉलेज में चल रहे NCC शिविर में कैडेटों को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी गई। वहीं, शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। हीरापट्टी क्षेत्र में करीब 24 घंटे तक बिजली प्रभावित रहने से लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा।