बिलासपुर, 3 फरवरी 2026:
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप चौक पर देर रात एक नशे में धुत युवक-युवती ने सड़क पर ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा किया कि राहगीरों और वाहन चालकों की सांसें थम गईं। पब-बार से बाहर निकलते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्दी ही सड़क पर जमकर हंगामा में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने गाली-गलौज की, वाहन रोकने की कोशिश की और सड़क पर चिल्ला-चिल्लाकर अफरा-तफरी मचा दी। स्थिति तब और खतरनाक हो गई जब युवक चलती ट्रक के सामने खड़ा हो गया और चालक को अपने ऊपर वाहन चलाने का संकेत दिया।
ट्रक चालक की त्वरित सूझबूझ ने बड़ी त्रासदी टाल दी। ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन रोका, वरना यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। युवती भी लगातार सड़क पर हंगामा करती रही, कभी युवक को रोकती, कभी खुद सड़क पर बैठ जाती, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम जैसी स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक ट्रक के सामने खड़ा है और चारों ओर अफरातफरी का माहौल है।
इस घटना के बाद शहर में चर्चा शुरू हो गई है और लोग पब-बार से निकलने के बाद इस तरह के असामाजिक और जोखिम भरे व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।
बिलासपुर चौक पर पब से निकले युवक-युवती का सड़क पर खतरनाक हंगामा, ट्रक चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा