जगदलपुर, 03 फरवरी 2026:
कमिश्नर डोमन सिंह और आईजी सुंदरराज पी ने मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभा कक्ष में संभाग में किए जा रहे विभागीय निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि संभाग के जिलों में विकासात्मक गतिविधियों से ग्रामीण जनता में बहुत हर्ष है। सुरक्षा कैम्पों के समीप गांवों में हुए विकास कार्यों से ग्रामीणों को सड़क, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के लाभ सीधे मिलने लगे हैं। कई क्षेत्रों में नए मार्केट भी संचालित होने लगे हैं, जिससे ग्रामीणजन सुविधा के लिए आभार व्यक्त कर रहे हैं।
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि संभाग में 58 नए सुरक्षा कैम्पों की स्थापना से आधारभूत संरचनाओं के विकास को गति मिली है। उन्होंने जोर दिया कि विकास कार्यों में विभागीय समन्वय आवश्यक है। पुलिस और सुरक्षाबल निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा प्रदान करते रहे हैं। अब मानसून से पहले विकास कार्यों को गति देते हुए पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में कमिश्नर और आईजी ने बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में लोक निर्माण विभाग की सड़कों और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के प्राथमिक मार्गों के निर्माण को संबंधित विभागों द्वारा समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, वन विभाग से संबंधित मामले, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सीसीएफ बस्तर आलोक तिवारी, सीसीएफ कांकेर राजेश चंदेल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल जगदलपुर, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना के अधिकारी उपस्थित रहे।
अब विकास का असर ग्रामीणों तक, कमिश्नर और आईजी ने ली समीक्षा