परीक्षा अवधि में सख्ती: रात 10 बजे के बाद डीजे पर रोक, नियम उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

जगदलपुर, 11 फरवरी 2026।
बस्तर पुलिस द्वारा थाना कोतवाली परिसर में डीजे संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक  अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में कार्यवाहक थाना प्रभारी  शिवानंद सिंह द्वारा ली गई।
बैठक में आगामी परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए रात्रि 10 बजे के बाद बिना अनुमति डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संचालकों को ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा और नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बस्तर पुलिस ने सभी डीजे संचालकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम नागरिकों की सुविधा प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *