झारखंड के चतरा में एयर एंबुलेंस विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट-डॉक्टर समेत 7 लोगों की मौत — दिल्ली ले जाए जा रहे मरीज की भी गई जान

झारखंड से दिल्ली जा रहा एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस विमान सोमवार शाम दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L विमान चतरा जिले के समरिया क्षेत्र के जंगलों में क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पायलट, को-पायलट, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, मरीज और उसके परिजन शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार विमान ने शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची से उड़ान भरी थी, लेकिन करीब 7 बजकर 34 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया। थोड़ी देर बाद विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खराब मौसम हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
विमान में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी और धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर) तथा सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे। सभी की मौत की पुष्टि कर दी गई है।
रांची के देवकमल हॉस्पिटल के CEO अनंत सिन्हा ने बताया कि लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को करीब 65 प्रतिशत जलने की गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मरीज को अस्पताल से एयरपोर्ट ले जाया गया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह दुखद हादसा हो गया।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुताबिक विमान ने उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद खराब मौसम के कारण मार्ग बदलने की अनुमति मांगी थी। इसके कुछ ही देर बाद कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क और रडार सिग्नल दोनों टूट गए, जिसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
देश में हाल के बड़े विमान हादसे
देश में पिछले एक साल के दौरान विमान दुर्घटनाओं की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। जनवरी 2026 में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की चार्टर्ड विमान हादसे में मौत हो गई थी। वहीं जून 2025 में अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 241 लोगों की जान चली गई थी।
फिलहाल हादसे की जांच एजेंसियां कर रही हैं और ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *