जगदलपुर 25सितंबर 2026/बस्तर में लगातार हो रही बारिश के बीच इंद्रावती नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ओडिशा स्थित खाटीगुड़ा डैम से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। डैम से छोड़ा गया पानी करीब 6 से 8 घंटे में बस्तर क्षेत्र तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर पहले ही तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। करीब 100 गांवों को संभावित बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील माना जा रहा है।
बारिश का असर जगदलपुर शहर और आसपास के इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में जगदलपुर में 63.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
इधर, बारिश के चलते सड़क और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। गीदम रोड पर एनएच-30 में पेड़ गिरने से कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। वहीं बिजली लाइन पर पेड़ की डाली गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसके बाद विभागीय टीम ने सुधार कार्य शुरू किया।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीआरएफ समेत प्रशासनिक अमला सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए टीमों को तैयार रखा गया है।