23मई 2026
भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में शुक्रवार को नाटकीय घटनाक्रम सामने आए, जिसने इस केस को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मृतका ट्विशा शर्मा की सास एवं पूर्व जज गिरिबाला सिंह के वकील ने अचानक केस से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद गिरिबाला सिंह ने स्वयं अपनी पैरवी करने का फैसला लिया है।
वहीं दूसरी ओर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और शुक्रवार को शाम समर्थ सरेंडर करने पहुंचा था मुंह में मास्क पहने हुए
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक तरफ पूर्व जज का खुद अदालत में अपना पक्ष रखना चर्चा का विषय बना हुआ है, तो दूसरी ओर पति की गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में अदालत और पुलिस कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।