गंगरेल बांध फुल, सभी 14 गेट खुले; महानदी में 2.06 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

धमतरी25सितम्बर 2026/छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच धमतरी का गंगरेल बांध पूरी तरह भर गया है। 32 टीएमसी क्षमता वाले बांध का जलस्तर 100 प्रतिशत पहुंचने के बाद सुरक्षा और जल प्रबंधन को देखते हुए सभी 14 गेट खोल दिए गए हैं। बांध से महानदी में करीब 2 लाख 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, 25 सितंबर की सुबह गंगरेल में करीब 64,117 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई थी। लगातार बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए बांध से पानी की निकासी को भी बढ़ाया गया है। अधिकारियों द्वारा आवक और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चारों प्रमुख बांधों में बढ़ा जलस्तर

धमतरी जिले के गंगरेल के अलावा मुरुमसिल्ली, दुधावा और सोंढूर बांधों में भी पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। सभी प्रमुख जलाशयों में पानी भरने के कारण महानदी और आसपास के नदी-नालों में जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील

बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से महानदी, नदी-नालों और रपटों के पास नहीं जाने की अपील की है। तटीय और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। ग्रामीणों और पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *