मुर्गा बाजार में चल रहा था ‘खुड़खुड़ी’ का खेल, पुलिस की दबिश में तीन जुआ संचालक गिरफ्तार

30मई 2026

बस्तर। जिले के बस्तर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बालेंगा के साप्ताहिक मुर्गा बाजार में लंबे समय से अवैध रूप से खुड़खुड़ी जुआ खिलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने साइबर क्राइम टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 29 मई को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना बस्तर और साइबर क्राइम टीम की संयुक्त टीम बालेंगा स्थित साप्ताहिक मुर्गा बाजार पहुंची। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की तो वहां मौजूद कई लोग भाग निकले, लेकिन तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान डमरू सेठिया (भोण्ड बड़ेपारा), महेंद्र बघेल उर्फ बिल्लू (भाटीपारा बस्तर) और खीरकुमार नाग (एर्राकोट नयापारा) के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से खुड़खुड़ी जुआ संचालन में उपयोग की जाने वाली सामग्री और 48 हजार 150 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को पुलिस की अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना बस्तर के पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ साइबर क्राइम टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *