रायपुर, 13 मार्च।
जशपुर जिले के सिंगीबहार से कछुआकानी मुख्य मार्ग पर स्थित लंबे समय से जर्जर पड़े पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। यह कदम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से उठाया गया है।
काफी समय से पुल की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा था। मामला मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के संज्ञान में आने के बाद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद संबंधित विभाग ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
सिंगीबहार–कछुआकानी मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह रास्ता छत्तीसगढ़ को पड़ोसी राज्यों झारखंड और उड़ीसा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। पुल जर्जर होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और मजदूरों को लंबे समय से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
निर्माण कार्य शुरू होने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पुल बनने से न केवल आवागमन सुरक्षित होगा बल्कि आसपास के गांवों के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
वर्षों की परेशानी खत्म: जशपुर में जर्जर पुल का निर्माण शुरू, मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई पहल