बांसवाड़ा, 22 अक्टूबर 2026। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के पलोदरा गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने युवक को रास्ते में रोककर मोबाइल, नकदी और बाइक छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर चाकू से चार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विनोद डामोर बांसवाड़ा में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। मंगलवार शाम करीब आठ बजे वह अपने मामा के घर पलोदरा गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन बदमाशों ने अपनी बाइक आगे लगाकर उसे रोक लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे।
युवक द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उसके शरीर पर चाकू से चार जगह हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक की चाबी छीनकर मौके से फरार हो गए। घायल विनोद ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। हमले में घायल युवक के घावों पर करीब 30 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।