जगदलपुर, 02 मार्च 2026।
होली से पहले शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बोधघाट थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा धारदार देसी बंडा चाकू दिखाकर गुंडागर्दी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गीदम नाका चौक तेतरकुटी क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय पंकज झा को हिरासत में लिया गया। आरोपी पर आरोप है कि वह शराब के नशे में अपनी बहन के घर पहुंचकर विवाद करता था और आसपास के लोगों से भी अभद्र व्यवहार करता था।
बताया गया कि 28 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे तेतरकुटी पुजारीपारा क्षेत्र में आरोपी ने अपनी बहन से झगड़ा किया। शोर सुनकर बाहर आई पड़ोसी महिला को भी उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और देसी धारदार चाकू लहराकर डराने की कोशिश की। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से एक गुप्ती नुमा देसी चाकू बरामद किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति और सौहार्द्र के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधि पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देसी चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार