महासमुंद, 1 मार्च 2026।
जिले में नक्सल मोर्चे पर एक ऐतिहासिक सफलता दर्ज की गई है। “पूना मारगेम–पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े 15 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इन सभी पर कुल 73 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में 9 महिला और 6 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी ने एडीजी नक्सल, आईजी रायपुर, आईजी संबलपुर सहित एसपी महासमुंद, बरगढ़, बलांगीर और जिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सरेंडर किया।
25 लाख का इनामी सुदर्शन भी शामिल
सबसे वरिष्ठ नक्सली विकास उर्फ सुदर्शन उर्फ जंगू उर्फ बावन्ना उर्फ राजन्ना (57 वर्ष) है, जो स्टेट कमेटी सदस्य और बीबीएम डिवीजन प्रभारी था। उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुदर्शन ने AK-47 के साथ आत्मसमर्पण किया।
आत्मसमर्पण करने वालों में—
1 स्टेट कमेटी सदस्य (25 लाख इनाम)
2 डिविजनल कमेटी सदस्य (8-8 लाख)
5 एरिया कमेटी सदस्य (5-5 लाख)
7 प्लाटून सदस्य (1-1 लाख)
14 हथियार किए गए जमा
नक्सलियों ने कुल 14 हथियार पुलिस को सौंपे, जिनमें—
3 AK-47
2 SLR
2 INSAS रायफल
4 थ्री-नॉट-थ्री रायफल
3 बारह बोर बंदूकें
पुनर्वास नीति का दिखा असर
एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि लगातार संवाद, पोस्टर-बैनर, आकाशवाणी के माध्यम से अपील और राज्य की प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते यह सफलता मिली है। उन्होंने शेष नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण कर शासन की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने स्वीकार किया कि संगठन के भीतर बढ़ती कठिनाइयों और बदलते हालात के कारण उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया।
रायपुर और संबलपुर रेंज नक्सलमुक्त
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस आत्मसमर्पण के बाद रायपुर संभाग को नक्सलमुक्त घोषित किया गया है। साथ ही संबलपुर रेंज को भी नक्सलमुक्त बताया गया है। ओडिशा स्टेट कमेटी का पश्चिमी सब-जोन पूरी तरह समाप्त हो चुका है। इसे मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लक्ष्य की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है।
यह आत्मसमर्पण न केवल सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता है, बल्कि हिंसा छोड़कर विकास की राह चुनने वालों के लिए भी एक नई शुरुआत का संकेत
पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान की बड़ी जीत: 25 लाख का इनामी सुदर्शन समेत 15 नक्सलियों का सरेंडर