मोबाइल ऐप के जरिए चल रहा था जिस्मफरोशी का नेटवर्क! लॉज में पुलिस का छापा, तीन हिरासत में

13जून2026

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई शहर में पुलिस ने देह व्यापार से जुड़े एक कथित नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। छावनी थाना क्षेत्र स्थित एक लॉज में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को मौके से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसके आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को लंबे समय से लॉज में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। छापेमारी के दौरान कुछ युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे मोबाइल एप की जानकारी मिली है, जिसके माध्यम से कथित तौर पर ग्राहकों और युवतियों के बीच संपर्क स्थापित किया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर उनकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआती कार्रवाई है और जांच आगे बढ़ने के साथ कई अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। लॉज संचालक, नेटवर्क से जुड़े संभावित एजेंटों और अन्य संदिग्धों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल छावनी पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *