दंतेवाड़ा। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दूसरे राज्य से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुल 49 पेटी अवैध शराब और तीन वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन में, एसडीओपी राहुल उयके के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दंतेवाड़ा बायपास से बालूद की ओर जाने वाले मार्ग पर पिकअप और इको वाहन के जरिए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही चालक अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहनों से 45 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
मामले में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने शराब तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर 4 अतिरिक्त पेटी शराब भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में गणेश मंडल, कृष्णा प्रसाद साव और गुड्डी अतरा शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन, एक इको वैन और एक स्कूटी भी जब्त की है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक पंकज धर, प्रधान आरक्षक बुधरूराम कड़ती सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
दंतेवाड़ा में दूसरे राज्य की शराब तस्करी का भंडाफोड़, 49 पेटी अवैध शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार