जगदलपुर, 6 अगस्त। बस्तर अंचल के शिक्षित एवं हुनरमंद युवाओं के लिए रोजगार पाने का शानदार अवसर आने वाला है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जगदलपुर द्वारा 10 अगस्त (सोमवार) को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां 219 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक आड़ावाल स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र परिसर में आयोजित होगा। उपसंचालक रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के अनुसार मेले में तीन प्रमुख निजी नियोजक भाग लेंगे और चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार से 26 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, इलेक्ट्रिशियन एवं फिटर योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत बिलिंग ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, हाउसकीपिंग स्टाफ, एचआर एग्जीक्यूटिव, सर्विस इंचार्ज, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टोर कीपर, स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर और सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन पूर्ण करने के बाद अभ्यर्थी 10 अगस्त को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, पहचान पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा मोबाइल डिवाइस के साथ जिला रोजगार कार्यालय, जगदलपुर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।रोजगार विभाग ने बस्तर के अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर निजी क्षेत्र में रोजगार पाने की अपील की है।
बस्तर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: 10 अगस्त को रोजगार मेला, 219 पदों पर होगी सीधी भर्ती