जंगल रास्ते से पशु तस्करी का भंडाफोड़: 171 गाय-बैल छुड़ाए, 9 तस्कर गिरफ्तार

9मार्च 2026

बीजापुर जिले के भोपालपटनम् थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषिक पशु तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने जंगल रास्ते से मवेशियों को हांककर तेलंगाना ले जा रहे तस्करों को पकड़ते हुए उनके कब्जे से 171 गाय, बैल और बछड़ों को मुक्त कराया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर उल्लूर घाटी और चिल्लामरका के जंगल पहाड़ी रास्ते से पशुओं को हांककर सीमावर्ती राज्य तेलंगाना की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तस्करों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास पशुओं के स्वामित्व या परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में सभी 171 मवेशियों को जब्त कर सुरक्षित रूप से नगर पंचायत भोपालपटनम् के गौठान में रखा गया है।
पुलिस ने इस मामले में तेलंगाना के 3, महाराष्ट्र के 5 और बीजापुर के 1 आरोपी सहित कुल 9 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण संशोधन अधिनियम 2011 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय पशु तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *