महतारी वंदन योजना बनी सहारा: 10 हजार की बचत से लच्छनदई ने खोला होटल, रोज कमा रहीं 500 रुपये

जगदलपुर, 09 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बनती जा रही है। बस्तर जिले के दरभा परियोजना अंतर्गत ग्राम कामानार की रहने वाली  लच्छनदई बघेल इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई हैं। उन्होंने योजना से मिलने वाली छोटी सी राशि को अपनी समझदारी और मेहनत से एक सफल व्यवसाय में बदल दिया।
एकीकृत बाल विकास परियोजना दरभा के चीतापुर सेक्टर के अंतर्गत आने वाले इस छोटे से गांव की लच्छनदई बघेल को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती थी। उन्होंने इस राशि को खर्च करने के बजाय बचत करना बेहतर समझा। जब योजना की 10 किश्तें मिलकर 10 हजार रुपये की पूंजी बन गई, तो उनके मन में स्वरोजगार शुरू करने का विचार आया।
लच्छनदई ने इस राशि से गांव में ही एक छोटा सा होटल (नाश्ते की दुकान) शुरू किया। उनका यह छोटा सा प्रयास आज उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने का कारण बन गया है। होटल शुरू करने के बाद अब वे प्रतिदिन लगभग 500 रुपये का शुद्ध लाभ कमा रही हैं, जिससे परिवार की आय में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।
इस अतिरिक्त आय से वे अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार के बेहतर पोषण पर खर्च कर रही हैं। लच्छनदई की सफलता अब गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है। वे अन्य महिलाओं को भी योजना की राशि को बचाकर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
लच्छनदई बघेल ने अपनी इस आत्मनिर्भरता और जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *