कोड़ेनार पुलिस ने 3,750 नग गोवा व्हिस्की की जब्त, 5.06 लाख रुपये आंकी गई कीमत
जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2026। बस्तर दशहरा मेले के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को कोड़ेनार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर के एक कमरे से मध्यप्रदेश की 75 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 675 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा निवासी दुलगो कवासी (45 वर्ष) ने अपने घर में दूसरे राज्य की अंग्रेजी शराब अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और केशलूर एसडीओपी लक्ष्मण सिंह पोटाई के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विजय पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर एक कमरे का ताला खुलवाया और तलाशी ली। इस दौरान कमरे से गोवा व्हिस्की की 75 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 3,750 नग शराब थी। शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने शराब को दशहरा मेले में बिक्री के लिए लाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।