तीन लाख दीयों की स्वर्णिम आभा में नहाया दलपत सागर‘एक दीया स्वच्छता के नाम, एक दीया वंदे मातरम् के नाम’— ऐतिहासिक दीपोत्सव में उमड़ा जनसैलाब

जगदलपुर, 25 जनवरी 2026/
रविवार की शाम जगदलपुर का ऐतिहासिक दलपत सागर आस्था, राष्ट्रभक्ति और उल्लास के अद्भुत संगम का साक्षी बना, जब लगभग तीन लाख दीयों की रोशनी से पूरा सागर स्वर्णिम आभा में नहाया नजर आया। नगर निगम एवं जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित ‘दलपत दीपोत्सव’ कार्यक्रम में शहर के हर वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने ‘एक दीया स्वच्छता के नाम और एक दीया वंदे मातरम् के नाम’ जलाकर दीपोत्सव को ऐतिहासिक बना दिया। रानी घाट में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात एक साथ जलाए गए दीयों से दलपत सागर की सुंदरता कई गुना बढ़ गई। सागर के चारों ओर थल और नभ तक फैलती रोशनी ने पूरे वातावरण को आलोकित कर दिया।
शाम 8 बजे भव्य आतिशबाजी के साथ दीप प्रज्वलन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन किया गया। साथ ही बस्तर के लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकगीतों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दलपत सागर को लेकर एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और संवेदनशीलता के साथ प्रशासन और शहरवासी इस धरोहर को संवारने में लगे हैं, उसे देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब जगदलपुर की पहचान दलपत सागर के नाम से होगी। उन्होंने कहा कि मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से यह सागर शहर के गौरव और वैभव में नया आयाम जोड़ेगा।
श्री साव ने बताया कि दलपत सागर के सौंदर्यीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसका टेंडर पूरा हो चुका है और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर सरकार और अधिक सहायता प्रदान करेगी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रारंभ ‘नगरोत्थान योजना’ की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तहत नगर निगमों के बड़े विकास कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
जल संरक्षण पर जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब हमारे जीवन और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। शहर के हृदय में स्थित दलपत सागर न केवल पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि भू-जल स्तर बनाए रखने और जल आपूर्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने महापौर की सराहना करते हुए कहा कि दलपत सागर के संरक्षण और विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर  संजय पांडे ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर ब्रेवरेज कारपोरेशन के अध्यक्ष  श्रीनिवास राव मद्दी, जिला पंचायत अध्यक्ष  वेदवती कश्यप, कलेक्टर  आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा, अपर कलेक्टर  ऋषिकेश तिवारी, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *