रायपुर, 25 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता एवं प्रोड्यूसर मोहित साहू द्वारा रविवार को फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय सामने आई है जब मोहित साहू के खिलाफ गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता शशि वर्मा ने 24 जनवरी को रायपुर के पुरानी बस्ती थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मोहित साहू के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
गौरतलब है कि 22 जनवरी को मोहित साहू द्वारा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कथित रूप से गंभीर मारपीट की गई थी। एफआईआर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मोहित साहू ने शादीशुदा होने के बावजूद उज्जैन के एक मंदिर में मंगलसूत्र पहनाकर विवाह का दावा किया, और बाद में रायपुर लाकर उसे एक फ्लैट में अपने साथ रखा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसे किसी से मिलने-जुलने की अनुमति नहीं दी जाती थी और बाहर जाने पर भी सख्त पाबंदियां लगाई गई थीं।
पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने और मामले की जांच जारी रहने के बीच ही रविवार सुबह मोहित साहू द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों—महिला के साथ कथित हिंसा और आत्महत्या के प्रयास—को लेकर कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छॉलीवुड निर्माता मोहित साहू ने किया आत्महत्या का प्रयास, गर्लफ्रेंड से मारपीट के मामले में दर्ज है एफआईआर