जगदलपुर, 25 जनवरी 2026/
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व इस वर्ष बस्तर जिले में विशेष गरिमा, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ मनाया जाएगा। शासन के सामान्य प्रशासन एवं संस्कृति विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर छिकारा ने स्पष्ट किया है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के तुरंत बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यह व्यवस्था जिले के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक ध्वजारोहण स्थलों पर लागू होगी।
उन्होंने निर्देशित किया है कि यह आयोजन केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा सभी स्कूल-कॉलेजों तक विस्तारित किया जाएगा। प्रत्येक स्थल पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
यह पहल इसलिए भी विशेष महत्व रखती है क्योंकि देशभर में ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया जा रहा है। 7 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुए वर्षव्यापी समारोह के द्वितीय चरण के अंतर्गत गणतंत्र दिवस पर राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता के भाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
समारोह को और अधिक भव्य बनाने के लिए कलेक्टर ने राज्य पुलिस बैंड एवं विद्यालयों के बैंड दलों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं शिक्षण संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स के छात्र-छात्राएं ‘वंदे मातरम्’ आधारित संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता करेंगे।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में अपने नजदीकी ध्वजारोहण स्थलों पर पहुँचें और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन में सहभागी बनकर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।
गणतंत्र दिवस पर हर ध्वजारोहण स्थल पर गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश, राष्ट्रगान के बाद अनिवार्य होगा सामूहिक गायन