28 जनवरी को सिटी ग्राउंड में सजेगा बस्तर पण्डुम–2026

लोक संस्कृति, परंपरा और कला का महाकुंभ बनेगा जिला स्तरीय आयोजन
जगदलपुर, 14 जनवरी 2026/
बस्तर की अनूठी जनजातीय लोक संस्कृति, परंपराओं और कला-विरासत को संरक्षित करने तथा उसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राज्य शासन की पहल पर बस्तर पण्डुम–2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार 28 जनवरी को जगदलपुर के सिटी ग्राउंड परिसर में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रदर्शन का जीवंत मंच होगा। बस्तर पण्डुम के माध्यम से जनजातीय कलाकारों को प्रोत्साहन और सम्मान प्रदान किया जाएगा, वहीं आमजन को क्षेत्र की लोक परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान लोक नृत्य, लोक गीत, वाद्ययंत्र, नाट्य विधाएं, पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, आंचलिक साहित्य, तीज-त्यौहार, खान-पान, बोली-भाषा और वनौषधियों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। सिटी ग्राउंड परिसर में बस्तर की सांस्कृतिक विविधता पूरे वैभव के साथ सजी नजर आएगी।
कलेक्टर  हरिस एस के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम के सुचारू एवं सफल आयोजन हेतु अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रतीक जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास)  गणेश राम सोरी सहायक नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले प्रतिभागियों के आवागमन और भोजन-जलपान की समुचित व्यवस्था हेतु पृथक-पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *