छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 7 दिन झमाझम बारिश के आसार; 21 जिलों में अलर्ट

रायपुर। 23अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए कम दबाव के क्षेत्र (Low Pressure Area) के प्रभाव से प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
रामचंद्रपुर में 5 सेमी बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम बारिश हुई है, ऐसे में नए सिस्टम से बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
इन 21 जिलों में अलर्ट
भारी बारिश और वज्रपात के खतरे को देखते हुए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और दुर्ग सहित अन्य इलाकों में बारिश का यलो अलर्ट बताया गया है।
बिजली गिरने के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। पेड़, बिजली के खंभे या होर्डिंग के नीचे खड़े न हों और संभव हो तो सुरक्षित पक्के स्थान पर रहें।
लगातार बारिश के कारण ग्रामीण और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *