7मई2026
जगदलपुर में प्राकृतिक आपदाओं के कारण अपने परिजनों को खो चुके परिवारों के लिए जिला प्रशासन ने राहत पहुंचाने का कदम उठाया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत चार पीड़ित परिवारों के लिए कुल 16 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जगदलपुर के गंगानगर क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय महजबीन बेग की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद उनके पिता ईस्माइल बेग को राहत राशि स्वीकृत की गई है।
इसी तरह मगडू कचोरा निवासी राजेश यादव की तालाब में डूबने से हुई आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव को आर्थिक सहायता दी गई है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
एक अन्य मामले में नदी में डूबने से जान गंवाने वाली किरण देवांगन के परिजनों को भी प्रशासन ने राहत दी है। पात्र वारिस के रूप में उनकी बहन बिंदा देवांगन को सहायता राशि मंजूर की गई है।
वहीं बुरूंदवाड़ा सेमरा निवासी दयाराम की डबरी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद उनकी पत्नी राजो को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाना प्राथमिकता है, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।