रायपुर, 19 सितंबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दूसरे दिन रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड के सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में ड्राइंग, पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने ‘सेवा’ और ‘सपना’ विषयों पर रंगों और शब्दों के जरिए अपनी कल्पनाओं को सामने रखा। कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने निर्धारित शीट पर चित्र बनाए, जबकि हाई और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने ड्राइंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत-2047, पर्यावरण संरक्षण, देश की सुरक्षा और सेना के शौर्य जैसे विषयों पर आकर्षक पेंटिंग तैयार कीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों की ओर से प्रतियोगिताओं के फोटो और शॉर्ट वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए। शिक्षकों, विद्यार्थियों और पालकों ने निर्धारित हैशटैग के साथ इन गतिविधियों को साझा कर अभियान के संदेश को आगे बढ़ाया।
प्रतियोगिताओं के आयोजन में शिक्षकों और शाला प्रबंधन समितियों ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगामी विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।