200 जवानों की परेड, शस्त्रागार से स्टोर तक निरीक्षण; IG ने दिए मुस्तैदी और अनुशासन के निर्देश

जगदलपुर, 19 सितंबर 2026। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज  बद्री नारायण मीणा ने शनिवार को रक्षित केंद्र जगदलपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने परेड में हिस्सा लिया। आईजी ने परेड का निरीक्षण कर जवानों के टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता की सराहना की तथा पुलिस बल को लगातार उच्च स्तर की तत्परता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

रक्षित केंद्र पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आईजी को परेड प्रस्तुत की। इसके बाद उन्होंने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान शस्त्रागार, परिवहन शाखा, स्टोर सहित अन्य शाखाओं में रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पुलिसकर्मियों से संवाद कर सुनी समस्याएं

वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी  बद्री नारायण मीणा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण पर भी ध्यान देने की बात कही।

मुस्तैदी और अनुशासन बनाए रखने पर जोर

आईजी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस बल की मुस्तैदी, तत्परता और अनुशासन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक  शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक  सुमितकुमार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशलूर, भानपुरी, लोहंडीगुड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *