बीजापुर के उतला जंगल में मिला नक्सली डंप, AK-47 समेत 4 हथियार और 76 जिंदा कारतूस बरामद

बीजापुर21सितम्बर 2026/जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उतला के जंगलों में सुरक्षा बलों ने जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

सर्चिंग के दौरान जवानों को जंगल में जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया डंप मिला। तलाशी लेने पर एक AK-47 रायफल, एक .315 बोर रायफल, एक सिंगल शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई।

इसके अलावा 2 AK-47 मैगजीन, AK-47 के 45 जिंदा राउंड, 9 एमएम के 25 जिंदा राउंड और .315 बोर के 6 जिंदा राउंड मिले। इस तरह कुल 76 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से संगठन की गतिविधियों और पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इसी दौरान मिली सूचनाओं के आधार पर जंगलों में हथियारों और अन्य सामग्री की तलाश की जा रही है। बरामद हथियारों को भैरमगढ़ थाना लाकर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *