मुख्यमंत्री की पहल से लोक कलाकारों को मिलेगा नया संबल, सालाना 24 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि

रायपुर, 05 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा लोक कलाकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के तहत चयनित लोक कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी।
योजना के अंतर्गत लोक नृत्य, लोक संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, पारंपरिक पाक कला तथा सौंदर्यकला से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकेंगे। पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य होगा तथा सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में 31 अगस्त 2026 तक पंजीकृत डाक के माध्यम से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर भेजे जा सकते हैं। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि लोक कलाकारों को सम्मान, पहचान और अपनी कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बनेगी। मुख्यमंत्री की इस पहल से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को नई ऊर्जा मिलेगी और कलाकारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *