5जुलाई 2026
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप, बोलेरो पिकअप, मोबाइल और नकदी भी जब्त
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप में अवैध गांजे की बड़ी खेप लेकर दो तस्कर धनपुंजी मार्ग से जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान बताए गए नंबर की बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। इसी दौरान वाहन में सवार एक व्यक्ति अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी में 9 प्लास्टिक बोरियों में भरे 105 पैकेटों से कुल 214.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के अलावा परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप, एक मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।