जगदलपुर, 02 मई 2026। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शनिवार को बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायत चिउरगांव में आयोजित बस्तर मुन्ने शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा चिन्हित 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पूरी तरह पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को योजना से वंचित न रखा जाए।
कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार पंजीयन से छूटे ग्रामीणों का प्राथमिकता से पंजीकरण कराया जाए ताकि उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, वनाधिकार मान्यता पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शिविरों में सभी आवश्यक विभागों के मैदानी कर्मचारियों और आधार ऑपरेटरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बस्तर मुन्ने अभियान में तेज़ी: कमिश्नर डोमन सिंह ने चिउरगांव शिविर पहुंचकर योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ वितरण के दिए निर्देश