महाशिवरात्रि पर घूमने गए CISF सब-इंस्पेक्टर की मौत: 36 घंटे बाद नदी से मिला शव, शोक में डूबा परिवार

जगदलपुर, 17 फरवरी 2026।
बस्तर संभाग से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर की मौत पानी में डूबने से हो गई। महाशिवरात्रि के दिन से लापता चल रहे अधिकारी का शव करीब 36 घंटे बाद बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को नगरनार लाया गया, जहां से परिजन उसे अंतिम संस्कार के लिए हरियाणा ले जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, महाशिवरात्रि के अवसर पर CISF के पांच-छह जवान ओडिशा सीमा क्षेत्र में स्थित गुलमी वाटरफॉल घूमने गए थे। बताया जा रहा है कि सभी साथी वहां पिकनिक मनाने पहुंचे थे। भोजन के बाद एक सब-इंस्पेक्टर नहाने के लिए नदी में उतरे, तभी अचानक तेज बहाव में बह गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए।
साथियों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
लगातार करीब डेढ़ दिन तक चली खोजबीन के बाद आखिरकार जवान का शव नदी से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद CISF सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *