वन भूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग करने वालों पर शिकंजा, 13 आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजे गए

जगदलपुर। 27अगस्त 2026/वन संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बस्तर वनमंडल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत माचकोट परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग करने के मामले में वन विभाग की टीम ने 13 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेश के बाद केंद्रीय जेल, जगदलपुर भेज दिया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशों के परिपालन में वन विभाग द्वारा वनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में मुख्य वन संरक्षक (CCF) जगदलपुर वृत्त सुश्री स्टायलो मंडावी के मार्गदर्शन और वनमंडलाधिकारी (DFO) बस्तर श्री दीपेश कपिल के निर्देश पर माचकोट परिक्षेत्र में कार्रवाई की गई।

उप वनमंडलाधिकारी (SDO) जगदलपुर श्री योगेश रात्रे के नेतृत्व और सतत निगरानी में परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट श्री प्रकाश देहारी एवं वन अमले की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान माचकोट परिक्षेत्र के उप-परिक्षेत्र पूलचा अंतर्गत ग्राम गुरु गोठान (गोरो-गोठान) के आसपास वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने तथा पेड़ों की गर्डलिंग करने में संलिप्त 13 लोगों को पकड़ा गया।

गर्डलिंग में पेड़ के तने की छाल को चारों ओर से इस तरह छील दिया जाता है कि पेड़ तक पोषक तत्वों का प्रवाह बाधित हो जाता है और धीरे-धीरे पेड़ सूखकर मर सकता है।

वन विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सक्षम न्यायालय के आदेश पर सभी 13 आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल, जगदलपुर दाखिल कराया गया।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने, अवैध कटाई, पेड़ों को नुकसान पहुंचाने अथवा वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *