भनवारटंक सुरंग में ट्रेन के सामने आया तेंदुआ, धीमी हुई रफ्तार; सुरक्षित जंगल की ओर भागा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: 27अगस्त 2026/बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर भनवारटंक के पास उस समय रोमांचक स्थिति बन गई, जब चलती ट्रेन के सामने अचानक एक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ सुरंग के अंदर पटरी पर दिखाई दिया तो लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन की रफ्तार कम कर दी। कुछ देर तक तेंदुआ ट्रेन के आगे-आगे पटरी पर चलता रहा, लेकिन धीमी रफ्तार के चलते उसे कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद तेंदुआ सुरंग से बाहर निकला और जंगल की ओर सुरक्षित भाग गया।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ ट्रेन के सामने पटरी पर नजर आ रहा है। सुरंग के अंदर अचानक वन्यजीव के आ जाने से यात्रियों में भी कुछ देर के लिए उत्सुकता और चिंता का माहौल रहा। हालांकि, ट्रेन की रफ्तार समय रहते कम कर दिए जाने से तेंदुए की जान बच गई।

भनवारटंक का यह रेल क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है और यहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही देखी जाती है। हाथी, तेंदुए समेत कई जंगली जानवर इस इलाके में मौजूद रहते हैं। इस घटना में ट्रेन की सतर्कता ने एक बार फिर दिखा दिया कि जंगल से गुजरने वाले रेल मार्गों पर सावधानी कितनी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *