25मई 2026
डोंगरगढ़ के केदारबाड़ी स्थित क्रॉस हिल इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब मुक्तिधाम के पास मौजूद लोगों को पहाड़ी की ओर से बच्चे के रोने जैसी डरावनी आवाज़ें सुनाई देने लगीं। अंतिम संस्कार में शामिल लोग अचानक गूंज रही इन आवाज़ों से सहम गए। किसी को लगा कि पहाड़ी पर कोई घायल है, तो कुछ लोगों ने इसे किसी अनहोनी का संकेत मान लिया।
आवाज़ें लगातार तेज़ होती गईं, जिसके बाद स्थानीय निवासी रवि पांडेय और आशीष सुमित साहू मौके की ओर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू की तो पहाड़ी की झाड़ियों और चट्टानों के बीच दो स्लॉथ बीयर घूमते दिखाई दिए। दोनों भालू अजीब तरह की आवाज़ें निकालते हुए धीरे-धीरे पहाड़ी पर चढ़ रहे थे। यह नज़ारा देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
घटना का वीडियो सामने आते ही क्रॉस हिल के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग पहली बार इतने करीब से जंगली भालुओं को देखकर उत्साहित भी नजर आए और मोबाइल कैमरों में वीडियो कैद करने लगे। देर शाम तक यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, स्लॉथ बीयर अक्सर तब ऐसी आवाज़ें निकालते हैं जब वे अपने बच्चों से बिछड़ जाते हैं या एक-दूसरे से संपर्क बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं। इस दौरान उनका व्यवहार बेचैन और आक्रामक भी हो सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को जंगली भालुओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है, क्योंकि अचानक सामने आने पर ये हमला भी कर सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी से लगे क्षेत्र और मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक स्थानों पर जंगली भालुओं की मौजूदगी चिंता का विषय है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।