30मई 2026
संबलपुर। ओडिशा के संबलपुर रेल मंडल में उस समय हड़कंप मच गया, जब केसिंगा स्टेशन के समीप कोयले से लदी एक मालगाड़ी के कुछ वैगनों में अचानक आग लग गई। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तत्काल आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी और स्थानीय प्रशासन व दमकल विभाग को अलर्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी केसिंगा स्टेशन से गुजर रही थी, तभी उसके कुछ वैगनों से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को सावधानीपूर्वक टिटिलागढ़ स्टेशन तक ले जाया गया, जहां राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग से मालगाड़ी के पांच वैगन प्रभावित हुए हैं। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से आग को अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घटना के दौरान वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहे। आग बुझाने के बाद प्रभावित वैगनों की जांच की गई और आवश्यक तकनीकी निरीक्षण शुरू किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना का यात्री ट्रेनों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा और सभी यात्री सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।