निर्माणाधीन रेलवे पुल का हिस्सा भरभराकर गिरा, 50 फीट लंबे गार्डर धड़ाम से नीचे गिरे, बाल-बाल बची कई जिंदगियां

31मई 2026

गुजरात के आणंद जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अडास गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का एक हिस्सा अचानक ढह गया। पुल के गिरते ही उस पर रखे तीन विशालकाय गार्डर भी नीचे आ गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गार्डरों की लंबाई करीब 50 फीट से अधिक थी और उनके गिरने से आसपास का इलाका कुछ देर के लिए दहल उठा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय निर्माण स्थल के आसपास कोई मजदूर या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई।
जानकारी के मुताबिक रेलवे विभाग पिछले लगभग 15 महीनों से इस रोड ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा था। यह पुल रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। अचानक हुए इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पुल का हिस्सा आखिर किन कारणों से ढहा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित हिस्सा पुल का एप्रोच सेक्शन था और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। रेलवे ने इसे एक मामूली तकनीकी घटना बताते हुए कहा है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परियोजना को समय पर पूरा किया जाएगा।
फिलहाल जांच एजेंसियां निर्माण सामग्री, डिजाइन और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा तकनीकी खामी, निर्माण में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ। इस घटना ने एक बार फिर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा मानकों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण की आवश्यकता को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *